न्यू यार्क : भारतीय मूल के अमेरिकी सह-संस्थापक वाली एक निजी कंपनी की योजना इंसानी अवशेषों को चांद पर ले जाने की है। चांद पर अंतरिक्षयान भेजने की लाइसेंसधारी यह कंपनी 30 लाख डॉलर (20 करोड़ रूपये) प्रति किलो के हिसाब से ये अवशेष भेजेगी। यह जानकारी मीडिया की एक रिपोर्ट में दी गई है।
नवीन जैन मून एक्सप्रेस के सह-संस्थापक हैं। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने उनकी कंपनी को अंतरिक्ष यान प्रक्षेपित करने और उसे 2017 में चंद्रमा पर उतारने का लाइसेंस दिया है। यह अनुमति हासिल करने वाली मून एक्सप्रेस पहली निजी कंपनी है। कंपनी ने कहा था कि अमेरिकी नीति का यह अहम फैसला इस कंपनी को अपने रोबोटिक अंतरिक्षयान की पहली उड़ान के जरिए चांद की सतह पर उतारने का अधिकार देता है।
द न्यूयार्क पोस्ट की खबर में कहा गया कि मून एक्सप्रेस की व्यवसायिक मालवहन की योजनाओं में इंसानी अवशेषों को चांद पर ले जाना शामिल है। जैन ने द न्यूयार्क पोस्ट को बताया कि इसकी कीमत 30 लाख डालर (20 करोड़ रूपये) प्रति किलो के हिसाब से होगी। अखबार ने उनके हवाले से कहा, ‘हमारे पास पहले से ही काफी लंबी सूची है।’