अहमदाबाद.गुजरात के जूनागढ़ के पास एक गांव में मंगलवार रात 8 शेर घूमते दिखे। यह खबर फैलते ही पूरे गांव में तनाव फैल गया। लोगों ने अपने घर के दरवाजे बंद कर लिए। घूमते शेरों का वीडियो बनाकर वॉट्सऐप पर भी शेयर किया। आखिर क्या हुआ था...
- यह गांव अहमदाबाद से 300 किमी दूर जूनागढ़ के पास है और गिर नेशनल पार्क से सटा हुआ है। बता दें कि गिर वन दुनिया में शेरों के लिए जाना जाता है।
- मंगलवार की रात 8 शेर आराम से गांव में घूमते दिखे। इनमें दो शावक भी शामिल थे। ये आराम से फोर लेन सड़क पर घूम रहे थे।
- किसी शख्स ने इनका वीडियो बना लिया। धीरे-धीरे यह वॉट्सऐप पर शेयर होने लगा।
- खबर मिलते ही गांव में भय का माहौल बन गया। लोगों ने घरों के दरवाजे बंद कर लिए।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
- अमरेली जिले में गिर नेशनल पार्क के पास तीन शेरों ने एक शख्स पर हमला किया था।
- फॉरेस्ट डिपार्टमेंट के मुताबिक, यह हमला तब हुआ जब वह बकरियों को चरा रहा था।
- इसके पहले भी ऐसी तीन घटनाएं मार्च से मई के बीच हो चुकी हैं। इन हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई थी।
सबसे ज्यादा शेर गिर में
- गुजरात का गिर देश में शेरों का सबसे बड़ा नेशनल पार्क है।
- जूनागढ़ जिले के सासन इलाके में गिर 1412 वर्ग किलोमीटर में फैला है। यहां फिलहाल 500 से ज्यादा शेर हैं।
- दुनियाभर में जहां शेरों की पॉपुलेशन घटी है, वहीं गिर में शेरों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।
- 2010 की गणना के मुताबिक, यहां 411 शेर थे, जो अब बढ़कर 523 हो गए हैं।